हरियाणा/हिसार। हाल ही में आए तेज तूफान और ओलावृष्टि से क्षेत्र के किसानों की फसलों के साथ-साथ सोलर पैनलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस मुद्दे को लेकर विधायक नरेश सेलवाल ने सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि सरकार किसानों को समय पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने में विफल रही है, जिसके चलते किसानों को मजबूर होकर अपने स्तर पर सोलर पैनल लगवाने पड़े। उन्होंने कहा कि हालिया भीषण तूफान में बड़ी संख्या में किसानों के सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही बढ़ती खेती लागत, महंगे कृषि संसाधनों और आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। सरकार को तुरंत विशेष गिरदावरी करवाकर फसलों के नुकसान का आकलन करना चाहिए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करना चाहिए। सेलवाल ने मांग की कि जिन किसानों के सोलर पैनल तूफान में टूटे हैं, उनके नुकसान की भी पूरी भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार को जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि किसान आर्थिक संकट से उबर सकें। विधायक ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और संकट की इस घड़ी में सरकार को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भी प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर जल्द राहत कार्य शुरू करने की अपील की।
संवाददाता- राजेश सलूजा
