संगरिया। दिनदहाड़े घर में घुसे दो व्यक्तियों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने के टॉप्स व नकदी चोरी कर ली। तभी ऊपर से पहुंचे गृह स्वामी ने दोनों को चोरी करते देख लिया। उसे देखकर दोनों व्यक्ति वहां से भाग छूटे। अड़ोस-पड़ोस के लोगों ने दोनों को भागते देख एक शख्स को पहचान लिया। इस संबंध में गृह स्वामी की ओर से संगरिया पुलिस थाना में एक नामजद व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार इकबाल सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी वार्ड दस, गांव रतनपुरा तहसील संगरिया ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह व उसकी पत्नी शुक्रवार को दाह संस्कार के भोग पर गए थे। उस समय घर पर कोई नहीं था। वह शाम करीब चार बजे घर लौटा तो देखा कि दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था। वह अन्दर गया तो कमरे में से दो व्यक्ति चोरी कर रहे थे। उसने ललकारा तो दोनों निकलकर भागने लगे। उसने पकड़ने की कोशिश की लेकिन वे भाग गए। उसके बाद घर का सामान संभाला तो कपड़े बगैरा बिखरे हुए थे। कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में से करीब 4.27 ग्राम वजनी सोने के एक जोड़ी टॉप्स व पांच हजार रुपए नकद नहीं मिले। यह सामान उक्त दोनों व्यक्ति चोरी कर ले गए। इकबाल सिंह के अनुसार इन लोगों को भागते हुए, इकबाल सिंह पुत्र कलवन्त सिंह व सुशील पुत्र दुलीचन्द ने भी देखा था। इनमें एक की पहचान आदित्य पुत्र राजकुमार सांसी निवासी वार्ड तीन, संगरिया के रूप में हुई। उसके साथ एक व्यक्ति और था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आदित्य व एक अन्य के खिलाफ चोरी के आरोप संबंधी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। तफ्तीश एएसआई किशोर सिंह कर रहे हैं।
