हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलेभर में स्वीप (SVEEP) अभियान के अंतर्गत मतदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। शहरी क्षेत्र के राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय माध्यमिक) यशपाल असीजा ने बताया कि जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के समन्वय से आयोजित इस अभियान में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने हाथों में मतदान जागरूकता संबंधी पोस्टर और बैनर लेकर रैली निकाली तथा मतदान के महत्व से जुड़े प्रेरक संदेश दिए। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नागरिकों से निर्भीक, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान के प्रति जागरूक कर नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मतदान अवश्य करें तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

