- जिले की आठों नगर निकायों में मंगलवार को लोक सूचना जारी, 21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का चुनाव
हनुमानगढ़। जिले की आठ नगर निकायों में 14 सितंबर, 2026 को मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सभी 290 वार्डों में पार्षदों का निर्वाचन संपन्न हो गया है। अब नगर निकायों के अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस क्रम में मंगलवार को जिले की सभी आठ नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी कर दी गई। जिले की नगर परिषद हनुमानगढ़ सहित नगरपालिका संगरिया, टिब्बी, पीलीबंगा, गोलूवाला, रावतसर, भादरा एवं नोहर में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी की गई है। संबंधित नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम-निर्देशन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
16 सितंबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे नामांकन
लोक सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए नाम-निर्देशन पत्र 15 सितंबर से 16 सितंबर, 2026 तक संबंधित कार्यालय में निर्धारित स्थान पर प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक अभ्यर्थी अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम-निर्देशन पत्र के प्ररूप भी निर्धारित स्थान एवं समय पर प्राप्त किए जा सकेंगे। प्राप्त नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर, 2026 को अपराह्न 3.00 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की जाएगी।
18 सितंबर को नाम वापस लेने का अवसर
अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना अभ्यर्थी द्वारा, अथवा निर्धारित परिस्थितियों में उसके द्वारा अधिकृत व्यक्ति द्वारा 18 सितंबर, 2026 को कार्यालय समय के दौरान अपराह्न 3.00 बजे से पूर्व संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से दी जा सकेगी।
21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद का निर्वाचन
यदि अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन आवश्यक हुआ तो 21 सितंबर, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक संबंधित नगर निकाय में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए संबंधित नगर निकायों में निर्वाचित पार्षद ही मतदान करेंगे। अध्यक्ष पदों के आरक्षण की स्थिति के अनुरूप पात्र अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन प्रस्तुत किया जा सकेगा।
