- अंतिम दिन 1139 नामांकन पत्र हुए दाखिल, 1 सितंबर को होगी संवीक्षा3 सितंबर तक नाम वापसी, 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की आठ नगरीय निकायों में नामांकन प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अंतिम दिन 1139 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। इससे पूर्व गुरुवार को 114 तथा शनिवार को 612 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। इस प्रकार पूरी नामांकन अवधि में कुल 1865 नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें 1501 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि जिले की 290 वार्डों के लिए कुल 1501 अभ्यर्थियों ने चुनाव मैदान में उतरते हुए 1865 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नगर परिषद हनुमानगढ़ में सर्वाधिक 336 अभ्यर्थियों ने 379 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इसके अलावा नगर पालिका रावतसर में 222 अभ्यर्थियों के 325, पीलीबंगा में 194 अभ्यर्थियों के 284, भादरा में 224 अभ्यर्थियों के 263, संगरिया में 143 अभ्यर्थियों के 172, नोहर में 157 अभ्यर्थियों के 163, गोलूवाला में 124 अभ्यर्थियों के 150 तथा टिब्बी में सबसे कम 102 अभ्यर्थियों द्वारा 129 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को की जाएगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में नगर पालिका नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि द्वितीय चरण में नगर परिषद हनुमानगढ़ तथा नगर पालिका गोलूवाला एवं पीलीबंगा में 11 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को संपन्न होगी।
