हनुमानगढ़। आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने हनुमानगढ़ जिले की नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के लिए संयोजक और सह-संयोजकों की नियुक्ति की है। जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू (एडवोकेट) ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां जारी कीं। भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार हनुमानगढ़ नगर परिषद के लिए ओम सोनी को संयोजक तथा आशीष पारीक और सुमन चावला को सह-संयोजक बनाया गया है। संगरिया में जगदीश सागर संयोजक और कुलदीप कटारिया सह-संयोजक होंगे, जबकि टिब्बी में महंगा सिंह ढिल्लों को संयोजक तथा जगदीश कस्वां को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार पीलीबंगा में विजय सहगल संयोजक और पवन मित्तल सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। गोलूवाला नगर पालिका के लिए अनिल महला को संयोजक बनाया गया है। रावतसर में दलीप छिम्पा संयोजक एवं गोपीराम रैगर सह-संयोजक, नोहर में रामकिशन भाकर संयोजक एवं राजू बचवानी सह-संयोजक तथा भादरा में प्रेम स्वामी संयोजक एवं सिद्धार्थ झोरड़ सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने बताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने तथा नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त संयोजकों एवं सह-संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
