– विधायक बंसल बोले-सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उतारे जा रहे निर्दलीय प्रत्याशी, लक्ष्य 36 से अधिक सीटें जीतकर निर्दलीय बोर्ड बनाना
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी 60 वार्डांे में लॉटरी के माध्यम से आरक्षण तय होने के बाद अब राजनीतिक दलों और दावेदारों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की टीम ने भी सभी वार्डांे में सर्वे शुरू कर दिया है और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर निर्दलीय प्रत्याशियों की घोषणा की जा रही है। विधायक गणेश राज बंसल ने बताया कि टीम गणेश राज बंसल की ओर से नगर परिषद के सभी 60 वार्डांे में सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे टीम की ओर से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर जिन वार्डांे में प्रत्याशियों का चयन किया जा रहा है, वहां उम्मीदवारों की घोषणा कर उन्हें चुनाव मैदान में उतार दिया गया है। शेष वार्डांे में अभी सर्वे की प्रक्रिया जारी है।
जिताऊ उम्मीदवारों पर फोकस
बंसल ने कहा कि जिन वार्डांे में अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है, वहां सर्वे के आधार पर मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में ऐसा प्रत्याशी मैदान में उतारना है, जिसकी जीत की संभावना सबसे अधिक हो। उन्होंने दावा किया कि टीम गणेश राज बंसल का लक्ष्य 36 से अधिक निर्दलीय प्रत्याशियों को जिताकर नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड बनाना है।
2023 में निर्दलीय जीते, सरकार को समर्थन
गणेश राज बंसल ने कहा कि वे वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीतकर विधायक बने थे। उन्होंने बताया कि निर्दलीय विधायक रहते हुए उन्होंने राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार को समर्थन दिया है। बंसल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की है और न ही वे भाजपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि उनका अपना स्वतंत्र राजनीतिक समूह है और नगर परिषद चुनाव भी इसी स्वतंत्र समूह के स्तर पर लड़ा जा रहा है। नगर परिषद चुनाव में भाजपा और टीम गणेश राज बंसल के बीच आमने-सामने की राजनीतिक चुनौती के चलते अब वार्ड स्तर पर मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। दोनों पक्ष अपने-अपने मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
