हनुमानगढ़। नवां बाइपास पर नवनिर्मित सब्जी मंडी में शीघ्र भूखंड आवंटन की मांग अब तेज हो गई है। शुक्रवार को सब्जी मंडी आढ़तिया यूनियन के बैनर तले व्यापारियों ने विधायक गणेश राज बंसल को ज्ञापन सौंपा। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित यह मंडी करीब 11-12 वर्ष पूर्व स्वीकृत हुई थी और लगभग 6 वर्ष पहले पूर्ण रूप से तैयार हो चुकी है, लेकिन अब तक व्यापारियों को भूखंड आवंटित नहीं किए गए हैं। मंडी परिसर में चारदीवारी, पक्की सड़कें, बैंक भवन, किसान भवन, कैंटीन व शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं तैयार हैं। लंबे समय से आवंटन नहीं होने के कारण भवन जर्जर होने लगे हैं। चारदीवारी दो बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है तथा निर्माण की गारंटी अवधि भी समाप्त हो गई है। यदि समय रहते मंडी का संचालन शुरू नहीं किया गया तो पुन: मरम्मत का आर्थिक भार व्यापारियों पर पड़ सकता है। यूनियन ने यह भी बताया कि खाली पड़े परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने लगा है। आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिनमें एल्यूमिनियम जालियां, बिजली फिटिंग सामग्री, नल व अन्य सामान चोरी हो चुके हैं, जिससे सरकारी संपति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहर के बीच संचालित हो रही पुरानी सब्जी मंडी स्थान के अभाव में छोटी पड़ चुकी है। सुबह के समय मंडी में अत्यधिक भीड़ के कारण व्यापारियों व किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार मुख्य सड़क पर यातायात बाधित हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है। आढ़तिया यूनियन के अध्यक्ष रत्तीराम शाक्य और सचिव ओमप्रकाश सैन ने विधायक से व्यक्तिगत रुचि लेकर नई सब्जी मंडी में व्यापारियों को शीघ्र भूखंड आवंटित करवाने की मांग की, ताकि व्यवस्थित रूप से व्यापार शुरू हो सके और शहर में यातायात समस्या से भी राहत मिल सके। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
