हनुमानगढ़। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में नशे के कारोबार, बढ़ती गुंडागर्दी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं की ओर से शनिवार को टाउन थाना परिसर में प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपकर नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि पांच दिन में कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा, नशीली गोलियों सहित अन्य नशीले पदार्थांे की बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे विशेषकर युवाओं और उनके परिवारों में चिंता का माहौल है। पार्टी ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को नशे के बढ़ते जाल से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। माकपा नेताओं ने टाउन रेलवे स्टेशन के आसपास रात के समय यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में ट्रेन आने के बाद स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों का कुछ असामाजिक तत्व पीछा करते हैं और अकेला यात्री मिलने पर उसके साथ मारपीट कर रुपए, मोबाइल फोन और आभूषण सहित कीमती सामान छीनने की घटनाएं होती हैं। पार्टी ने इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और आमजन को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की। इसके साथ ही क्षेत्र में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में गुरध्यान सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी गुरुसर की ओर से 16 अगस्त को थाना प्रभारी के नाम प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र का भी उल्लेख किया गया। माकपा ने संबंधित मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग करते हुए कहा कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान रामेश्वर वर्मा, शेरसिंह शाक्य, चन्द्रकला वर्मा, बहादुर सिंह चौहान, आत्मासिंह, सुरेन्द्र शर्मा, बलदेव सिंह, गुरप्रेम सिंह, वारस अली, देवीलाल, सुल्तान खां सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
