हनुमानगढ़। जंडावाली गांव में नशे के कारोबार का विरोध करने को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। सदर पुलिस थाना में बालो (50) पत्नी मंगल सिंह मजहबी निवासी वार्ड नंबर 14, जंडावाली की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। परिवादिया ने रिपोर्ट में जंडावाली निवासी काकू व सागर पुत्र मेसी, वीरा सिंह पुत्र दयाल सिंह तथा पाली पुत्र वीरा सिंह, सहित 4-5 अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा धारदार हथियारों से हमला करने के आरोप लगाए हैं। परिवादिया के अनुसार उक्त आरोपी चिट्टा, स्मैक और पोस्त का कारोबार करते हैं तथा लोगों से घरेलू सामान लेकर उसके बदले नशा देने का काम करते हैं। परिवादिया और उसके परिवार ने कई बार आरोपियों को ऐसा करने से रोकने व समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। 17 अगस्त की रात करीब 8 बजे काकू, सागर, वीरा सिंह, पाली तथा 4-5 अन्य व्यक्ति कथित रूप से एकराय होकर लाठी, पिस्तौल, कापा व अन्य धारदार हथियार लेकर परिवादिया के घर पहुंचे। आरोपियों ने परिवादिया बालो, उसकी भतीजी बीरा पत्नी प्रदीप, भाई हरफूल सिंह तथा भतीजे इकबाल के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हरफूल सिंह को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया तथा काकू ने जान से मारने की नीयत से हरफूल सिंह के सिर पर कापा मार दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। करीब दो वर्षीय बच्ची कीति के सिर पर मेशी और काकू ने डंडों से वार किया, जिससे उसे भी चोटें लगीं। वहीं काकू पर बीरा का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। परिवादिया के अनुसार हमले के दौरान उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिवादिया और उसके परिवार के सदस्यों ने एक कमरे में कुंडा लगाकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने जाते समय धमकी दी कि आज तो वे बच गए, लेकिन भविष्य में मौका मिलने पर उन्हें जान से मार देंगे और पुलिस भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। घटना के बाद परिवादिया और उसका परिवार आरोपियों से भयभीत है तथा उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक कुलदीप मीणा को सौंपा है।
