हनुमानगढ़। क्षेत्र में नहर से पाइप के जरिए पानी चोरी कर डिग्गी (डैम) में डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों की ओर से सदर पुलिस थाना में एक किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार जल संसाधन उपखंड हनुमानगढ़ के सहायक अभियंता सुभाष चंद भास्कर पुत्र नंद किशोर रेगर निवासी सकराय (सीकर) ने लिखित रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि चक 31 एमएमके में पानी चोरी की सूचना जल उपयोक्ता संगम बीके-43 की ओर से दूरभाष पर विभाग को दी गई थी। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता चंद्र सिंह, विभागीय पटवारी जयभूषण की टीम ने 17 फरवरी को शाम करीब 4.30 बजे मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संबंधित किले राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार कृषक राधेश्याम पुत्र बलवंतराम के नाम पाए गए। किला नम्बर 4 में एक डैम बना हुआ मिला। निरीक्षण के समय जलमास्टर अनिल कुमार, कृषक रवि सहारण, गगनदीप निवासी खारा चक तथा जेसीबी ऑपरेटर रिंकू भी मौजूद रहे। मौके पर एमएमके नहर की आरडी 90.663 के बाईं ओर नहर का डावल तोड़ा हुआ मिला तथा वहां से 1.5 इंच व 3 इंच की पाइप अंडरग्राउंड डैम तक जाती हुई बरामद की गई। जेसीबी से खुदाई कर जांच की गई तो सामने आया कि नहर में लगी पाइप को डिग्गी निर्माण के दौरान दबाई गई पाइप से जोड़कर पानी चोरी कर डैम में डाला जा रहा था। बाराबंदी प्रस्ताव के अनुसार खाता संख्या 45 के अंतर्गत उक्त रकबे पर जमनादास के नाम पानी की बारी चल रही है। हालांकि मौके पर राजबाला पत्नी राधेश्याम कब्जा काश्त पाई गई और काश्त राधेश्याम की ओर से की जा रही थी। गठित टीम ने जांच कर आबपाशी दर्ज की तथा मौका रिपोर्ट, पार्ट चक प्लान और मौका फर्द तैयार की। जांच के आधार पर किसान राधेश्याम पुत्र बलवंतराम को एमएमके नहर से अवैध रूप से पानी चोरी कर डैम में डालने का दोषी माना गया। पुलिस ने आरोपी किसान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई जसकरण सिंह को सौंपी है।
