हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.021 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार सन्दीप सिंह (21) पुत्र हजूर सिंह रायसिख निवासी वार्ड नंबर 8, सहजीपुरा को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.021 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर स्कूटी संख्या आरजे 31 एसडब्ल्यू 9225 को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जंक्शन थाना के उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में जिला विशेष टीम (डीएसटी) हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी राकेश सांखला, सहायक उपनिरीक्षक सुखविन्द्र सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार, कमल कुमार तथा सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
