जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को राजस्थान दौरे पर पहुंचे, जहां राजधानी जयपुर में उनका जोरदार स्वागत किया गया। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का उत्साह देखने लायक रहा। रोड शो के दौरान रास्ते में 11 स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और पार्टी के मोर्चों की ओर से नितिन नवीन का अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट के बाहर बने मुख्य मंच पर उनका 101 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया और गदा भेंट की गई। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर पुष्पवर्षा कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान एक छोटी घटना भी सामने आई, जब गोविंददेव जी की तस्वीर भेंट करते समय फ्रेम का शीशा टूट गया, जिससे मंत्री जवाहर सिंह बेढम के हाथ में हल्की चोट लग गई। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से परिचय लिया और संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा की। बैठक में प्रशिक्षण अभियान, ‘हर बूथ महिला मजबूत’ अभियान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी ली। नितिन नवीन सुबह करीब 11 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन हेलिकॉप्टर की व्यवस्था में तकनीकी बाधा आने के कारण उनका टोंक दौरा प्रभावित हुआ। दो हेलिकॉप्टर की व्यवस्था में से एक खराब होने के चलते उन्हें करीब ढाई घंटे की देरी से दोपहर 1:30 बजे टोंक पहुंचना पड़ा। एक ही हेलिकॉप्टर से दो चक्कर लगाकर यात्रा पूरी की गई। जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने उनका स्वागत किया।
