हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में खेत से घर लौट रही महिला की इलेक्ट्रिक स्कूटी सड़क पर आए निराश्रित गोवंश से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रावतसर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 5 रावतसर निवासी नन्दलाल (46) पुत्र ईश्वरदास स्वामी ने रिपोर्ट दी कि उसकी भाभी कान्ता देवी (41) पत्नी मदनदास स्वामी खेत में कृषि कार्य करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रही थीं। चक 23 डीडब्ल्यूडी में मटोरिया पंप के पास अचानक सड़क पर आए निराश्रित पशु से उनकी स्कूटी टकरा गई। हादसे में सड़क पर गिरने से कान्ता देवी को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक अमरसिंह कर रहे हैं।
