नोहर। नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 20 वार्डों में जीत दर्ज करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी की लहर है। जीत के बाद भाजपा नेताओं ने मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए इसे जनता के विश्वास और समर्थन की जीत बताया। इसी क्रम में मटोरिया भवन में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया और विधानसभा प्रभारी संजय जांगिड़ ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मुलाकात कर उनका आभार प्रकट किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी जताते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने कहा कि नोहर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को जो आशीर्वाद और समर्थन दिया है, उसके लिए पार्टी सदैव आभारी रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया। मटोरिया ने कहा कि भाजपा बोर्ड गठन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है और नोहर में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ चुनाव में पार्टी के लिए काम किया, जिसका परिणाम 20 वार्डों में जीत के रूप में सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस भले ही उत्साह का माहौल होने की बात कर रही हो, लेकिन चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में नोहर में भाजपा का बोर्ड गठित होगा और शहर के विकास को नई दिशा देने का काम किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
