हनुमानगढ़। गांव नवां के वार्ड नम्बर 8 निवासी एक महिला ने न्यायालय के आदेश की पालना नहीं होने का आरोप लगाते हुए सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। राज कौर पत्नी आकाशदीप सिंह निवासी वार्ड नम्बर 8, नवां ने बताया कि ग्राम न्यायालय हनुमानगढ़ की ओर से आकाशदीप सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी कूपांवाली गली, रेलवे स्टेशन के पास, फाजिल्का के खिलाफ धारा 125(3) सीआरपीसी के तहत कई बार गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। प्रार्थिया के अनुसार मामले में अगली पेशी 3 जून निर्धारित है, लेकिन इसके बावजूद जंक्शन पुलिस थाना की ओर से अभी तक संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं की गई है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग करते हुए कहा कि ग्राम न्यायालय हनुमानगढ़ के आदेशों की पालना सुनिश्चित करवाई जाए तथा संबंधित थाना पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए जाएं। प्रार्थना पत्र में न्यायालय के आदेशों की प्रभावी पालना करवाने और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
