हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति, सुरक्षा प्रबंधों, सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति और अवैध शराब की रोकथाम सहित विभिन्न चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान के कारणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए ऐसे केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान केंद्रों की बाउंड्री वॉल एवं फेंसिंग करवाने को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था से जुड़ी संभावित चुनौतियों का समय रहते आकलन कर उनका प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए गए। चुनाव के दौरान अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस को सघन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मतदान के दौरान नियमानुसार सूखा दिवस प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे। बैठक में कानून व्यवस्था की प्रभावी निगरानी और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर अधिकारियों एवं एरिया मजिस्ट्रेट के दायित्वों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालयों से प्राप्त मुद्दों की रसीद देने तथा संवेदनशीलता से जुड़े सांख्यिकीय आंकड़ों के तार्किक विश्लेषण के आधार पर उचित आकलन करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य की अध्यक्षता आयोजित बैठक में चुनावी सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर एडीएम उम्मेदी लाल मीना, सभी रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत समिति), पुलिस वृत्त अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, अभियोजन उपनिदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के 1,168 मतदान केंद्रों पर दो चरणों में होगा मतदान
गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जिले में पंचायत चुनाव दो चरणों (तृतीय और चतुर्थ) में होंगे। इनमें एक जिला परिषद, 10 पंचायत समितियां और 325 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जिले की एक जिला परिषद के 37 सदस्यों, 10 पंचायत समितियों के 208 सदस्यों तथा 325 ग्राम पंचायतों में 3,385 वार्ड पंचों के भी चुनाव होंगे। इसके लिए जिले में 1,168 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नोहर में सर्वाधिक 207 और पल्लू में सबसे कम 79 मतदान केंद्र हैं।
