– मनीष मक्कासर बोले- भाजपा सरकार को सबक सिखाने के लिए किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा हों एकजुट, अमित सहू ने कहा- ग्रामीण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताएं
हनुमानगढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत प्रदेश में चार चरणों में होने वाले चुनावों के क्रम में हनुमानगढ़ जिले की 10 पंचायत समितियों में तीसरे एवं चौथे चरण में मतदान होगा। तीसरे चरण में मंगलवार, 3 नवंबर को नोहर, पल्लू, भादरा, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन एवं पीलीबंगा पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। मतदान से पहले कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने मतदाताओं से अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने की अपील की है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि मंगलवार को हनुमानगढ़ जिले में जहां भी जिला परिषद और पंचायत समिति के डायरेक्टर कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं, मतदाता उन्हें अधिकाधिक बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की तानाशाह सरकार को सबक सिखाना है तो किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं को एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को जीत दिलानी होगी। वहीं, भाजपा युवा नेता अमित सहू ने मतदाताओं से 3 नवंबर को पंचायती राज के लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन और जिला परिषद के जोन में भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों एवं योजनाओं का अधिकाधिक लाभ मिल सके। अमित सहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में तीसरा इंजन जोड़कर ग्रामीण क्षेत्र को खुशहाल बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को अधिक से अधिक संख्या में विजयी बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह काम करने का समय है और अधिकतर लोग खेती के कार्यों में व्यस्त हैं। इसके बावजूद लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेने के लिए समय निकालें। ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ की बात को ध्यान में रखते हुए पहले मतदान करें, उसके बाद अन्य कार्य करें।
