– जिला प्रमुख और दोनों पंचायत समितियों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जारी किया बयान, नगर परिषद चुनाव के बाद से चल रही थी सियासी खींचतान की चर्चा
हनुमानगढ़। पंचायती राज चुनाव के बीच निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उतरकर जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने मतदाताओं से भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उनके इस रुख को पंचायत चुनाव से पहले भाजपा और विधायक के बीच संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। गणेश राज बंसल ने अपने संदेश में जनता के सहयोग को अपनी राजनीतिक सफलता का आधार बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 में लोगों के समर्थन से वे विधायक बने और उन्होंने भाजपा का सहयोग किया। इसके बाद नगर परिषद चुनाव में भी जनता ने उन्हें भारी बहुमत देकर जीत दिलाई और नया बोर्ड गठित हुआ। उन्होंने कहा कि नगर परिषद बोर्ड मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में काम करेगा। विधायक ने मतदाताओं से जिला प्रमुख पद के भाजपा प्रत्याशी और दोनों पंचायत समितियों के पार्टी प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे उम्मीदवारों को अधिक से अधिक मत देकर विजयी बनाया जाए, ताकि पंचायत समिति प्रधान भी भाजपा के बन सकें। गौरतलब है कि नगर परिषद चुनाव में गणेश राज बंसल के नेतृत्व वाले खेमे को मिली जीत के बाद भाजपा और विधायक के बीच राजनीतिक खींचतान की चर्चाएं सामने आई थीं। विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज होने के घटनाक्रम ने भी जिले के राजनीतिक माहौल को चर्चा में बनाए रखा। ऐसे में पंचायती राज चुनाव के दौरान विधायक की ओर से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में अपील को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब चुनाव प्रचार के बीच उनके इस संदेश का मतदाताओं पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह चुनाव परिणामों के बाद ही स्पष्ट होगा।
