हनुमानगढ़। श्री नवदुर्गा (युवा) सेवा समिति नई धान मंडी, जंक्शन की ओर से 15 फरवरी को जरूरतमंद परिवारों की पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन श्री नवदुर्गा मंदिर, नई धान मंडी, जंक्शन में सम्पन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें आयोजन की तैयारियों, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विवाह समारोह को सादगी, गरिमा और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप सम्पन्न किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि जो भी परिवार अपनी कन्या का विवाह संस्था के सहयोग से करवाना चाहते हैं, वे शीघ्र आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक जानकारी भरकर जमा कराएं। आवेदन पत्र भरने व जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई। समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एवं धार्मिक सेवा के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। समिति लम्बे समय से समाज में सेवा कार्य करती आ रही है और इसी ध्येय के तहत यह आयोजन किया जा रहा है। समिति का मानना है कि सामूहिक विवाह से न केवल फिजूलखर्ची पर रोक लगती है, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
