हनुमानगढ़। जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने देर रात व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस निरीक्षकों, उप निरीक्षकों तथा अन्य पुलिसकर्मियों के तबादलों के आदेश जारी किए। पहली सूची में 14 थाना प्रभारियों सहित कुल 18 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया गया, जबकि दूसरी सूची में उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल स्तर के 17 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। आदेशों के अनुसार भादरा थाना प्रभारी लखवीर सिंह को हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। बीकानेर से स्थानांतरणाधीन मदनलाल को भिरानी थाना प्रभारी, जबकि भिरानी थाना प्रभारी राधेश्याम को भादरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला को टिब्बी थाना प्रभारी लगाया गया है, वहीं बीकानेर से स्थानांतरणाधीन राजीव रॉयल को सदर थाना प्रभारी बनाया गया है। रजनदीप कौर को महिला थाना प्रभारी के पद से स्थानांतरित कर गोलूवाला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार चूरू से स्थानांतरणाधीन राय सिंह को पीलीबंगा थाना प्रभारी, नोहर थाना प्रभारी अजय कुमार को रावतसर थाना प्रभारी, बीकानेर से स्थानांतरणाधीन जगदीश प्रसाद को नोहर थाना प्रभारी लगाया गया है। इसके अलावा चूरू से स्थानांतरणाधीन जयप्रकाश झाझड़िया को गोगामेड़ी थाना प्रभारी, गोगामेड़ी थाना प्रभारी चन्द्रकला को महिला थाना प्रभारी, पुलिस लाइन से मोनिका बिश्नोई को पुलिस लाइन संचित निरीक्षक, जबकि पीलीबंगा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद कड़वासरा को साइबर पुलिस थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस लाइन से रघुवीर सिंह को एएचटीयू, त्वरित अनुसंधान और निस्तारण दल से अनिल कुमार चिन्दा को यातायात शाखा प्रभारी तथा बीकानेर से स्थानांतरणाधीन महेश कुमार शिला को त्वरित अनुसंधान और निस्तारण दल में लगाया गया है। उप निरीक्षक के तबादलों की कड़ी में सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजपाल सिंह को तलवाड़ा झील थाना प्रभारी जबकि पुलिस लाइन से सुरेन्द्र मीणा को खुइयां थाना प्रभारी लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना की ओर से जारी इन तबादला आदेशों को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
दूसरी सूची में 17 पुलिसकर्मियों का भी हुआ स्थानांतरण
पुलिस अधीक्षक ने देर रात दूसरी तबादला सूची भी जारी की, जिसमें उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल स्तर के 17 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें अधिकांश तबादले कर्मचारियों की स्वयं की प्रार्थना पर किए गए हैं, जबकि एक स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर किया गया है। जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को नोहर से पीलीबंगा, वेदप्रकाश को टिब्बी से पुलिस लाइन, हरबंशलाल को बशीर चौकी से संगरिया थाना तथा सुशील कुमार को सूरेवाला चौकी से सुरेशिया चौकी भेजा गया है। इसके अलावा एएसआई दिनेश कुमार का भिरानी से पीलीबंगा तथा सुभाषचन्द का हनुमानगढ़ जंक्शन से फेफाना स्थानांतरण किया गया है। हेड कांस्टेबल पांचूराम को संगरिया से सूरेवाला चौकी, अमर सिंह को पुलिस लाइन से रावतसर, महेन्द्र कुमार को तलवाड़ा झील से हनुमानगढ़ जंक्शन, राजकुमार को अपराध शाखा से पुलिस लाइन भेजा गया है। कांस्टेबल देवीलाल को बशीर चौकी से वृत कार्यालय रावतसर, श्रवण कुमार को सदर थाना से हनुमानगढ़ जंक्शन, शिशराम को भिरानी से धन्नासर चौकी, सुनील को गोलूवाला से हनुमानगढ़ जंक्शन, नरेश कुमार को गोलूवाला से महिला थाना, सुनील कुमार को गोलूवाला से हनुमानगढ़ जंक्शन जबकि बलेन्द्र कुमार को रावतसर से संगरिया थाना में स्थानांतरित किया गया है।
