– तांबे-पीतल के बर्तन, पंखे, पानी की मोटर और चांदी की मूर्ति सहित पूजा के बर्तन ले गए अज्ञात चोर
हनुमानगढ़। नोहर कस्बे के वार्ड नंबर 22 में जहाज वाली हवेली के पास स्थित एक पुश्तैनी मकान के ताले तोड़कर अज्ञात चोर करीब पांच लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की घटना का पता 6 अक्टूबर को चला, जब मकान की देखरेख करने वाले पूर्व पार्षद मदनलाल जोशी वहां पहुंचे। इस संबंध में मकान मालिक हर्ष कुमार कल्याणी की रिपोर्ट पर नोहर पुलिस थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में वार्ड नंबर 22, नोहर निवासी हर्ष कुमार कल्याणी पुत्र दयाचंद कल्याणी ने बताया कि कस्बे में जहाज वाली हवेली के पास उनका मकान है। इस मकान में उनके और उनके भाई आनंद व राजेश का पुश्तैनी व निजी कीमती सामान, बर्तन आदि रखे हुए हैं। उनके दोनों भाई कलकत्ता में रहते हैं, जबकि वह स्वयं बेंगलुरु में निवास करते हैं। मकान और उसमें रखे सामान की देखरेख की जिम्मेदारी पूर्व पार्षद मदनलाल जोशी के पास है। परिवादी के अनुसार, 6 अक्टूबर को मदनलाल जोशी मकान की देखरेख के लिए पहुंचे तो मकान के ताले टूटे हुए मिले और बड़े बर्तन गायब थे। उन्होंने इस संबंध में हर्ष कुमार कल्याणी को सूचना दी तथा नोहर पुलिस थाने में भी जानकारी दी। इसके बाद 12 अक्टूबर को हर्ष कुमार कल्याणी नोहर पहुंचे और मकान की जांच-पड़ताल की तो वहां से काफी सामान गायब मिला। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोर मकान से तांबे की चार कुंड, पीतल की दो कुंड, चार सीलिंग फैन, दो टेबल फैन और दो पानी की मोटर चोरी कर ले गए। इसके अलावा दरवाजों पर लगे पीतल के कब्जे, हथ्थियां व कुंडे, परिवार के उपयोग में आने वाले पीतल और कांसे के अन्य सामान भी गायब मिले। चोर पूजा घर में रखी हनुमानजी की चांदी की मूर्ति और पूजा में उपयोग होने वाले चांदी के बर्तन भी ले गए। परिवादी ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई है। हर्ष कुमार कल्याणी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सुभाष को सौंपी गई है।
