हनुमानगढ़। माहेश्वरी महिला मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से अरिहंत भवन में तीज महोत्सव हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की वरिष्ठ महिलाओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद प्रिया राठी ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सत्तू सजाओ प्रतियोगिता तथा वरिष्ठ महिलाओं के लिए आयोजित बनी-ठणी तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका शारदा हिसारिया ने निभाई। सत्तू सजाओ प्रतियोगिता में ऊषा करवा तथा बनी-ठणी प्रतियोगिता में संजू बिहानी ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं इंदु बियानी को रैंप क्वीन, मोना चांडक को मृदुभाषी क्वीन, सूरज ढुढाणी को एवर ग्रीन ब्यूटी क्वीन तथा ऊषा करवा को ग्रेसफुल क्वीन के खिताब से नवाजा गया। सरिता ढुढाणी और प्रिया बिनानी द्वारा सजाए गए सत्तू भी सराहनीय रहे। महोत्सव में महिलाओं और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब रंग जमाया। महिलाओं में रुचि ढुढाणी, कमलेश ढुढाणी, शिल्पा लखोटिया, मधु लखोटिया, सुधा मोहता, सोनू राठी, खुशबू सोमानी, ऋतु चांडक, श्वेता बिहानी और सारिका बिनानी ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं बच्चों में आध्या चांडक, सानवी लखोटिया और आरना बिहाणी ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। सारिका बिनानी, श्वेता बिहानी, खुशबू सोमानी और ऋतु चांडक ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। मंच संचालन चंचल राठी ने किया। इसके अलावा वन मिनट गेम और तंबोला में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खूब आनंद उठाया। सभी प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सावन के झूलों और विशेष फोटो बूथ का भी महिलाओं ने जमकर लुत्फ उठाया। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक तीज उत्सव की उमंग और उल्लास देखने को मिला। स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मंडल अध्यक्ष सुमन पेड़ीवाल एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी महिलाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
