हनुमानगढ़। राजस्थान नगरपालिका प्रशासनिक सेवा परिषद के चुनाव में प्रदेशाध्यक्ष चुने जाने पर नगरपरिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव का सोमवार को परिषद सभागार में अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने नव-निर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेंद्र यादव ने कहा कि परिषद के सदस्यों ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें प्रदेश नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगरपालिका प्रशासनिक सेवा से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों को साथ लेकर संगठन के हित में प्रभावी और सकारात्मक कार्य किए जाएंगे। इस मौके पर मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रहलाद मटोरिया, नगरपरिषद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विक्रम शर्मा, रामलाल, करणी सिंह, सीएसआई प्रेमलता, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव तथा रमनदीप सहित जिले के विभिन्न निकायों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सभी वक्ताओं ने सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में संगठन के और अधिक सशक्त होने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।

