ऐलनाबाद। फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर एक युवती से करीब 12 लाख 50 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में साइबर थाना सिरसा की पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को पटना, बिहार से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने विस्तृत जानकारी साझा की।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि 2 जनवरी 2026 को गांव सिकंदरपुर थैहड़ निवासी एक युवती ने साइबर थाना सिरसा में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में युवती ने बताया कि उसने फेसबुक पर अपनी आईडी बना रखी है, जिस पर वह बेसहारा पशु-पक्षियों के प्रति करुणा और सेवा भाव से जुड़े वीडियो पोस्ट करती रहती थी। अक्टूबर 2025 में एक अज्ञात युवक ने उसकी पोस्ट पर मैसेज कर उसकी प्रशंसा की और खुद को सेवा कार्यों में रुचि रखने वाला बताया। अगले दिन युवक ने दोबारा संपर्क कर स्वयं को “छिंदा” नाम से परिचित कराया और बताया कि वह विदेश में रहता है तथा भारत लौटने पर सेवा कार्यों के लिए आर्थिक सहायता करेगा। बाद में उसने व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू की और भावनात्मक रूप से युवती को यह विश्वास दिलाया कि उसका कोई सगा भाई नहीं है, इसलिए युवती ने उसे धर्म का भाई मान लिया।
कुछ समय बाद युवती को फोन कॉल आया कि छिंदा विदेश से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया है, जहां कस्टम अधिकारियों ने उसे महंगे कपड़े व गिफ्ट्स के बिल न होने के कारण हिरासत में ले लिया है। इसके बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली का वकील बताया और कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को छुड़ाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए पैसे देने होंगे। इसी दौरान युवती की बात व्हाट्सएप कॉल के जरिए छिंदा से भी करवाई गई, जिसने रोते हुए मदद की गुहार लगाई और बाहर आने पर पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया। भावनात्मक दबाव में आकर युवती ने आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में लगातार पैसे ट्रांसफर करती रही। जब तक उसे ठगी का एहसास हुआ, तब तक साइबर अपराधी उससे कुल 12 लाख 50 हजार रुपये ठग चुके थे। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटना, बिहार में दबिश देकर आरोपी राहुल पुत्र लालन, निवासी न्यू बाइपास चमन चक, मनोहर पार्क, नंदलाल छपरा, संपत चक, पटना को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
