चारणवासी/फेफाना। अवैध शराब की ब्रांचों को बंद कराने की मांग पर आबकारी विभाग ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को फेफाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान दो स्थानों से अवैध शराब बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने असंतोष जताते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को फेफाना थाना घेराव के दौरान ग्रामीणों ने थानाधिकारी कैलाशचंद्र को ज्ञापन सौंपकर बताया कि करणी वाइन्स के ठेकेदार नवीन चारण, पवन चारण और उनके 30–35 हथियारबंद साथियों द्वारा क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ये लोग तेज रफ्तार वाहनों से गांव में घूमते हैं और हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस और आबकारी विभाग की कथित मिलीभगत से गांव में एक स्वीकृत ठेके की आड़ में करीब एक दर्जन अवैध शराब ब्रांचें संचालित की जा रही हैं, जहां नकली शराब बनाने का भी धंधा चल रहा है। उन्होंने प्रशासन को यह भी याद दिलाया कि पूर्व में जसाना गांव में इन्हीं लोगों के पास से नकली शराब बनाने के उपकरण और अवैध हथियार बरामद हुए थे, लेकिन प्रभाव और ढिलाई के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन पर आरिफ खान, कमल सुथार, दिनेश कुमार सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज कराया।

इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आबकारी विभाग को कार्रवाई के लिए सूचित किया, जिस पर आबकारी टीम ने क्षेत्र में छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान बस स्टैंड स्थित एक ब्रांच से 61 पव्वे बरामद किए गए। ग्रामीणों ने अधिकारियों को वह स्थान भी दिखाया जहां गोदाम की पिछली दीवार में छेद कर अवैध तरीके से शराब बेची जा रही थी। इस बीच विवाद तब बढ़ गया जब ग्रामीणों ने एक गुप्त स्थान पर भारी मात्रा में शराब भंडारण की सूचना दी, लेकिन टीम ने प्रारंभ में वहां छापेमारी से इनकार कर दिया। इस पर नाराज ग्रामीणों ने अधिकारियों का घेराव करते हुए आरोप लगाया कि विभाग माफियाओं को पहले ही सूचना देकर आया है, जिसके कारण अधिकांश शराब को हटाया जा चुका है। बाद में पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि शयोवीर ज्याणी के हस्तक्षेप के बाद आबकारी विभाग की टीम ने चिन्हित स्थान पर भी छापेमारी की। इस कार्रवाई में देशी मदिरा के 240 पव्वे, 30 बोतलें, 61 बीयर और 25 बीयर कैन अवैध रूप से बरामद किए गए। इस बरामदगी के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। आबकारी विभाग के सीआई कमल सिंह ने बताया कि फेफाना में एक शराब की दुकान और एक गोदाम स्वीकृत है। इसके अलावा दो स्थानों से शराब बरामद की गई है। एक अवैध दुकान की छत और ताला टूटा हुआ मिला है। दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें शराब और मकान मालिकों की पुष्टि की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे भी शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
