हनुमानगढ़। क्षेत्र में गेहूं तुलाई में कथित गड़बड़ी को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, किसानों ने बीते दिन 9 एसएसडब्ल्यू स्थित बलकृष्ण की फैक्ट्री में गेहूं तुलाई में अनियमितता की शिकायत प्रशासन से की थी, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में आज सुबह से भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने फैक्ट्री के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने फैक्ट्री में आने वाले गेहूं की तुलाई बाहर अलग-अलग तीन कांटों पर करवाई। इस दौरान जब फैक्ट्री के कांटे से तुलना की गई, तो प्रति ट्रॉली 60 किलो से लेकर 290 किलो तक वजन कम पाया गया। इस खुलासे के बाद किसानों में रोष और अधिक बढ़ गया। नाराज किसानों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार के सामने धरना शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। किसानों का कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने मांग रखी कि फैक्ट्रियों में गेहूं की तुलाई पर रोक लगाकर केवल आढ़तियों के माध्यम से मंडी में ही तुलाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
