– अधेड़ का पर्स छीनकर भी हुए फरार, जंक्शन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोचा
हनुमानगढ़। जंक्शन में खालसा स्कूल के पास रविवार रात्रि बाइक सवार दो बदमाशों ने छीनाझपटी की दो वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी। बदमाशों ने एक युवक को चाकू दिखाकर मोबाइल फोन और नकदी छीन ली, जबकि एक अधेड़ व्यक्ति का पर्स छीनकर फरार हो गए। हालांकि, जंक्शन थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आईटीआई बस्ती निवासी मनोज पासवान ने बताया कि रविवार रात्रि करीब साढ़े दस बजे वह घर जा रहा था। इस दौरान ढिल्लों कॉलोनी निवासी बताकर दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। खालसा स्कूल के सामने बदमाशों ने उसके आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद उसके साथ हाथापाई की और पेट पर चाकू लगाकर मोबाइल फोन व नकदी छीन ली।

बदमाश मोबाइल फोन का पासवर्ड पूछकर वहां से फरार हो गए। जब उसने उनसे ढिल्लों कॉलोनी का निवासी होने के बारे में पूछा तो उन्होंने खुद को वहां का निवासी होने से इनकार किया और उसे वहां से भागने के लिए कहा। इसी क्षेत्र में दूसरी वारदात आईटीआई बस्ती निवासी एक व्यक्ति के पिता जगदीश कुमार के साथ हुई। उन्होंने बताया कि उनके पिता बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक से घर लौट रहे थे। रास्ते में खालसा स्कूल के पास दो अज्ञात युवकों ने उनका पर्स छीन लिया और जेब फाड़ दी। पर्स में 20 हजार रुपए की नकदी थी। वारदात के बाद जगदीश कुमार बदमाशों के पीछे भागे, लेकिन गिर गए और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
