– एसोसिएशन अध्यक्ष पर चहेते व्यापारियों को बारदाना बांटने के आरोप, मंडी समिति ने गोदाम पर करवाई तालाबंदी
हनुमानगढ़। टाउन धानमंडी में मंगलवार रात्रि को बारदाने से भरे ट्रक को लेकर व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल के गोदाम में बारदाना उतारे जाने को लेकर कुछ व्यापारियों ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संबंधित गोदाम पर तालाबंदी करवा दी। बुधवार को मामले की जांच शुरू की गई। हालांकि एसोसिएशन अध्यक्ष गुट के लोगों ने इन आरोपों को नकारते हुए इसे विपक्ष की चाल बताया। किसान प्रतिनिधियों ने बारदाने की बंदरबांट करने का आरोप लगाते हुए इस संबंध में उपनिदेशक कृषि विपणन को लिखित शिकायत की। किसान प्रतिनिधि रेशम सिंह माणुका ने आरोप लगाया कि गेहूं खरीद शुरू होने के बाद से लगातार बारदाने की बंदरबांट और कुछ चहेते व्यापारियों को प्राथमिकता देने की शिकायतें मिल रही हैं।

इससे किसानों और अन्य व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार रात्रि को करीब 50 हजार थैलों के बारदाने से भरा ट्रक टाउन पहुंचा, जिसे एसोसिएशन अध्यक्ष की ओर से अपने चहेते व्यापारियों में बांटने की तैयारी की जा रही थी। उनका दावा है कि बारदाने से एक पिकअप भी भरवाई गई थी, लेकिन अन्य व्यापारियों के विरोध के बाद बारदाना दोबारा इक_ा कर लिया गया। रेशम सिंह माणुका ने कहा कि क्षेत्र के किसानों का गेहूं नहीं बिक पा रहा है, जबकि बाहरी राज्यों से आने वाला गेहूं किसानों के नाम पर बिकने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एसोसिएशन अध्यक्ष और उनके समर्थक व्यापारियों की फर्मांे पर लगभग पूरा गेहूं बिक चुका है, जबकि अन्य व्यापारियों की फर्मांे पर अभी 50 से 60 प्रतिशत खरीद ही हुई है। उन्होंने मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा पर भी पक्षपात के आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की।
शिकायत की जांच जारी
उपनिदेशक कृषि विपणन ने बताया कि शिकायत मिली थी कि आए हुए बारदाने का विभिन्न व्यापारियों में वितरण करने के बजाय एक ही गोदाम में भंडारण किया गया है। शिकायत मिलते ही हनुमानगढ़ टाउन कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा तथा टिब्बी मंडी समिति सचिव विनीता को मौके पर भेजा गया और गोदाम पर तालाबंदी करवाई गई। उन्होंने बताया कि क्यूआईसी सहित अन्य पक्षों से जांच जारी है तथा जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

एसोसिएशन अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मंगलवार रात्रि को करीब 25 हजार बारदाने से भरा ट्रक आया था। एसोसिएशन की मांग पर क्यूआई की ओर से बारदाना अस्थायी रूप से गोदाम में रखवाया गया था ताकि बुधवार सुबह व्यापारियों में उसका वितरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कुछ व्यापारियों में बारदाने की कमी को लेकर गलतफहमी उत्पन्न हो गई थी, जिससे विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने चहेते व्यापारियों को बारदाना देने के आरोपों को निराधार बताया।
