रावतसर। निकटवर्ती ग्राम पंचायत 15-16 केडब्ल्युडी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य व साइबर क्राइम से बचने और बाल अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर सीडब्ल्यूसी बैंच मजिस्ट्रेट जितेंद्र गोयल ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया
कार्यक्रम सीडब्ल्यूसी बैंच मजिस्ट्रेट जितेंद्र गोयल ने उपस्थित बच्चों, शिक्षकगणों अभिभावकों व आमजन को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा बनती है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है, उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और वे मानसिक व सामाजिक रूप से भी कमजोर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर बालिकाओं के लिए बाल विवाह जीवनभर का अभिशाप बन जाता है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर बढ़ने के साथ-साथ कुपोषण और घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं भी जन्म लेती हैं।उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि कानून के अनुसार बाल विवाह करवाना, इसमें सहयोग करना अथवा इसकी जानकारी होने के बावजूद सूचना नहीं देना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की तैयारी या आयोजन की सूचना मिले तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीडब्ल्यूसी,पुलिस या बाल अधिकारिता विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।

बाल विवाह की रोकथाम केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी दबाव में आकर बाल विवाह स्वीकार नहीं करना चाहिए। साथ ही अभिभावकों से भी उन्होंने आग्रह किया कि वे बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल विवाह नहीं करने, न करवाने और इसकी रोकथाम के लिए सदैव सजग रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें शिक्षा के महत्व, बाल अधिकारों, लैंगिक समानता और सुरक्षित बचपन के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने यह भी कहा कि जागरूक बच्चे ही समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकते हैं। ओर बच्चों से मोबाइल फ़ोन कम से कम उपयोग करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि हेमराज राईका, भाजपा नेता कुलदीप गोस्वामी,गृह सुरक्षा गार्ड सुरेंद्र कुमार सुथार ,विद्यालय प्रधानाचार्य कृष्णचंद्र पटीर,उप प्रधानाचार्य सुनील सोनी शिक्षगण पुष्पेंद्र सिंह,विनोद कुमार, भजनलाल,चेतराम, संतोष सुथार,जगदीश प्रसाद, किशन सिंह,श्रीचंद सुथार आदि उपस्थित रहे
