पटना/नई दिल्ली। बिहार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक चली इस बैठक में कैबिनेट विस्तार को लेकर अहम चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में उनकी मुलाकात बीजेपी नेतृत्व से हो सकती है, जिसमें अमित शाह के साथ-साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की संभावना जताई जा रही है। यह दौरा कैबिनेट विस्तार की रूपरेखा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दिल्ली रवाना होने से पहले सम्राट चौधरी ने पटना में जेपी गंगा पथ का दौरा कर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रधान सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद वे पहली बार पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना और आरती में हिस्सा लिया। इधर, दिल्ली में सियासी गतिविधियां भी तेज हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने चिराग पासवान से मुलाकात की है, जिससे गठबंधन के भीतर समन्वय और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं को और बल मिला है। वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं और उन्होंने भी बीजेपी नेताओं से मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार, 6 मई तक बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
