-सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, मुंडसर गांव में ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
बीकानेर: जिले के नापासर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और इलाके में लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई। जानकारी के अनुसार हादसा नापासर थाना क्षेत्र के मुंडसर गांव के पास हुआ। रामसर निवासी गोपाल और रामजस बाइक पर सवार होकर मुंडसर गांव की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। नापासर थाने के एएसआई कविंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में मृत दोनों युवकों के शवों को नापासर के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है। इधर, हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पूर्व सरपंच गोविंद राम मुंड और धर्मपाल मुंड के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने, यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने और हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश कर जाम खुलवाया।
