पन्ना। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं दलित-पिछड़ा-आदिवासी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव मंडल ने शनिवार को पन्ना दौरे के दौरान बुंदेलखंड की राजनीति और सामाजिक हालात पर तीखे बयान दिए। स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधा और क्षेत्र में बढ़ते अंधविश्वास तथा आडंबर पर चिंता जताई। यादव ने बिना किसी का नाम लिए धार्मिक आयोजनों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बुंदेलखंड, जो अपने गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जाता है, उसे सुनियोजित तरीके से “अर्जी-पर्ची” जैसे पाखंडों की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से लोगों में अंधविश्वास फैलाया जा रहा है, जो समाज के लिए घातक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के पाखंड को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर दामोदर यादव मंडल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के चुनाव में सीमित संसाधनों और मात्र 16 दिनों की तैयारी के बावजूद पार्टी को अच्छा जनसमर्थन मिला था। इसी आधार पर उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में बुंदेलखंड की 90 प्रतिशत सीटों पर सीधा मुकाबला आजाद समाज पार्टी और भाजपा के बीच होगा, जबकि कांग्रेस हाशिए पर चली जाएगी। उन्होंने पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों—पन्ना, पवई और गुन्नौर—का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में पार्टी ने अभी से संगठनात्मक मजबूती पर काम शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है, ताकि चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें। प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि आज गरीबों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है और उनके हाथ में “कटोरा” थमा दिया गया है। उन्होंने संकल्प लिया कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें चपरासी और कलेक्टर के बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उन्होंने बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर ऐसा सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिसमें मजदूर और जनप्रतिनिधि एक ही अस्पताल में समान सुविधाओं के साथ इलाज कराएंगे। इसके साथ ही विकास के नाम पर हो रहे भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने की बात भी कही। अपने संबोधन के अंत में यादव ने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या जातिगत सोच और सामाजिक शोषण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आजाद समाज पार्टी का उद्देश्य बुंदेलखंड को ‘मनुवादी’ और ‘सामंतवादी’ सोच से मुक्त कर ‘संविधानवादी’ समाज की दिशा में आगे बढ़ाना है।
