हनुमानगढ़। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव के निर्देशानुसार शहर में खुशियां बांटो अभियान का संचालन किया जा रहा है। यह अभियान रेन बसेरा, बस स्टैंड जंक्शन तथा मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र, बस स्टैंड टाउन में संचालित हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत खुले में फुटपाथों पर सोने वाले बेघर महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों को नि:शुल्क पुराने लेकिन उपयोग योग्य गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इन केंद्रों से कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अपने आकार के अनुसार कपड़े बिना किसी शुल्क के प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने घरों में उपलब्ध अतिरिक्त गर्म कपड़े, बच्चों के खिलौने अथवा अन्य उपयोगी सामग्री, जो किसी के काम आ सकती हो, इन दोनों केंद्रों पर जमा करा सकते हैं। जिला परियोजना अधिकारी आंचल फुटेला, जिला परियोजना प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह एवं मोहनलाल के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों को वस्त्रों का वितरण किया जा रहा है। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नगर परिषद टाउन के कक्ष संख्या 8 में संपर्क किया जा सकता है।
