हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित श्री रिद्धि-सिद्धि विनायक मंदिर के 19वें स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को श्री कृष्ण गौ सेवा सुंदरकांड मंडल की ओर से संगीतमय रामायण पाठ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक कार्यक्रम बुधवार सुबह श्रद्धा और भक्ति के माहौल में प्रारंभ हुआ, जो गुरुवार को विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय भजनों और रामायण के मधुर पाठ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए और भगवान श्रीराम के आदर्शांे को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। रामायण पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात गजानंद महाराज को छप्पन प्रकार के प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण दिव्यता से ओतप्रोत नजर आया। पंडित चंदूराम शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस के मौके पर इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को धर्म एवं संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
