हनुमानगढ़। फाल्गुन मास के मौके पर जंक्शन स्थित जैन भवन में एक शाम सांवरिया के नाम कीर्तन संध्या एवं फाल्गुन कीर्तन मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर बाबा श्याम की भक्ति का ऐसा अनुपम संगम देखने को मिला कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। आयोजन स्थल को आकर्षक फूलों, रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से ओतप्रोत नजर आया। कीर्तन संध्या में श्रृंगार सेवा का दायित्व पंडित रवि सेवदा गुरुसर धाम की ओर से निभाया गया। बाबा श्याम का भावमय एवं मनोहारी दरबार सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जैसे ही बाबा की ज्योत प्रज्वलित की गई, पूरा पंडाल जय श्री श्याम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया। कार्यक्रम में भजन प्रचारक अमित तिवारी ऐलनाबाद एवं कुमार नीरज भटनेर नगरी ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। अमित तिवारी ने बाबा श्याम के भजनों से श्रोताओं को खूब रिझाया, वहीं कुमार नीरज ने फाल्गुन की होली धमाल भजनों से पूरे पंडाल में उत्साह और उमंग भर दी। हारा हूं बाबा, पर तुझ पर भरोसा है, तीन बाण के धारी तीनों बाण चलाओ ना, सेठों का सेठ, खाटू नरेश, लेने आजा खाटू वाले, रींगस के इस मोड़ पर तथा आया जन्मदिन श्याम का जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। भजनों की मधुर धुन, चंग की थाप और तालियों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया। श्रद्धालु अपने स्थान पर खड़े होकर झूमते रहे और बाबा श्याम की जय-जयकार करते रहे। चारों ओर श्याम नाम की गूंज सुनाई दे रही थी और पूरा पंडाल श्याममय हो गया। कीर्तन व्यवस्था में नरेंद्र गुप्ता, रेणु गुप्ता, अन्नू सिंगला, प्रवीण सिंगला एवं साक्षी गुप्ता का सहयोग रहा। बाबा श्याम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
