हनुमानगढ़। पीलीबंगा नगर निकाय चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने और नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड गठित होने पर हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट कैंपस में बार एसोसिएशन हनुमानगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ताओं की ओर से मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पीलीबंगा नगर मंडल अध्यक्ष एवं अधिवक्ता हनीश ग्रोवर का पगड़ी एवं पुष्पमाला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मान किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने चुनाव के दौरान हनीश ग्रोवर की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर मंडल अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के साथ विभिन्न वार्डांे में सक्रियता से चुनाव प्रचार किया। अलग-अलग वार्डांे में सभाएं आयोजित कर पार्टी की नीतियों एवं प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने तथा मतदाताओं से संवाद करने में उन्होंने भूमिका निभाई। अधिवक्ताओं ने कहा कि संगठन को साथ लेकर चलने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने का परिणाम चुनाव में भाजपा को मिले स्पष्ट बहुमत के रूप में सामने आया। नगर पालिका में बोर्ड का गठन होने के बाद शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों पर काम होने की उम्मीद भी जताई गई। सम्मान से अभिभूत हनीश ग्रोवर ने बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रोत्साहन है। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एकजुट होकर काम किया, जिसका परिणाम भाजपा के पक्ष में रहा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रताप सिंह शेखावत, जितेंद्र सारस्वत, मनोज शर्मा, दिलीप चौहान, ओम प्रकाश शर्मा, राजेश छाबड़ा, देवेंद्र सिंह, रोहित सिंह, शुभम पारीक, प्रदुमन परमार, बलतेज सिंह, प्रतीक, रजनीश पारीक, सुनील चाहर, सुनील सुथार, वीरपाल कौर, शुभकंवर राठौड़, पूनम आदि मौजूद रहे।
