– किसान आंदोलन पर बोले किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष-कुछ लोगों ने गलत दिशा दी- गेहूं खरीद, बारदाना और डिग्गी अनुदान पर सरकार से बात का भरोसा
हनुमानगढ़। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी सरकार है जो किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने किसानों को फसल खरीद पर बोनस नहीं दिया, जबकि भाजपा सरकार लगातार तीन वर्षांे से गेहूं पर बोनस दे रही है। सोमवार को हनुमानगढ़ दौरे के दौरान भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और यूपीए सरकार के समय कृषि बजट करीब 22 से 23 हजार करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किसान मोर्चा करेगा। साथ ही किसानों की समस्याओं को राज्य सरकार और केन्द्र सरकार तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। कैलाश चौधरी ने कहा कि भाजपा आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर किसान की दिशा में काम कर रही है और किसान मोर्चा इसी लक्ष्य के साथ किसानों के बीच कार्य करेगा।
किसान आंदोलन पर बोले-कानून किसानों के हित में थे
कृषि कानूनों के खिलाफ हुए किसान आंदोलन के बाद किसानों के भाजपा से नाराज होने के सवाल पर कैलाश चौधरी ने कहा कि किसान आंदोलन को कुछ लोगों ने गलत दिशा दी थी। उनका आरोप था कि केन्द्र सरकार की ओर से लाए गए कानून किसानों के हित में थे और उनका उद्देश्य किसानों को मंडी से बाहर भी बेहतर दाम पर फसल बेचने का विकल्प देना था। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से ऐसी मांग कर रहे थे, लेकिन आंदोलन के दौरान भ्रम की स्थिति बनी। अब किसान इस विषय को समझ चुके हैं और इसी कारण देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा सरकारें बन रही हैं।
गेहूं खरीद पर विपक्ष पर साधा निशाना
मंडियों में गेहूं खरीद में देरी, बारदाने की कमी और उठाव कार्य की धीमी गति के सवाल पर कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रवास के दौरान यह मुद्दा सामने आने के बाद उन्होंने रविवार रात राजस्थान सरकार के मंत्री से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि मंत्री की ओर से जानकारी दी गई कि खरीद व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं और विपक्ष माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गेहूं खरीद के लिए अभी समय शेष है तथा निर्धारित अवधि में किसानों की उपज की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि जितना उत्पादन हुआ है उसकी खरीद होगी, और यदि उत्पादन लक्ष्य से अधिक रहा तो उस संबंध में भी सरकार से चर्चा की जाएगी। साथ ही गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे ताकि किसानों को परेशानी न हो। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, विधायक संजीव बेनीवाल, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, भाजपा नेता अमित चौधरी, मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील बेनीवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत भूषण शर्मा भी मौजूद रहे।
