हनुमानगढ़। भारत विकास परिषद नगर इकाई की चुनावी प्रक्रिया शुक्रवार को प्रांतीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जिंदल एवं चुनाव अधिकारी कपिल बंसल के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत वित्त सचिव गौरव उपनेजा द्वारा वर्षभर के आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करने के साथ हुई। इसके पश्चात सचिव अशोक सुथार ने वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए परिषद द्वारा संचालित सेवा एवं संस्कारमूलक कार्यक्रमों की जानकारी दी। पूर्व अध्यक्ष अनिल कौशिक ने अपने संबोधन में बताया कि परिषद ने वर्षभर विद्यार्थियों में संस्कार जागृति और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए।

वहीं प्रांतीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जिंदल ने संगठन की संरचना, सदस्यता विस्तार, मोबाइल एप, बैंकिंग व्यवस्था और प्रमुख प्रकल्पों—संस्कार, सेवा, संपर्क, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद केवल एक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना से कार्य करने वाला सशक्त मंच है, जिसमें प्रत्येक सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से गत वर्ष की कार्यकारिणी को ही आगामी सत्र के लिए पुनः दायित्व सौंपा गया। इसके तहत सुशील जैन को संरक्षक, अनिल कौशिक को अध्यक्ष, अशोक सुथार को सचिव तथा गौरव उपनेजा को वित्त सचिव बनाया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कौशिक ने विश्वास जताया कि वे संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा परिषद के सेवा, संस्कार और सामाजिक प्रकल्पों को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास करेंगे। वरिष्ठ सदस्य पदम सिंह राठौड़ ने उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर राजेंद्र स्वामी, कपिल कालड़ा, विकास गोयल, भारतेंदु सैनी, श्याम सुंदर मेहना, सुनील चुघ, दीपक कटारिया और रामनिवास मांडण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
