– रोटरी क्लब विजन के सहयोग से 50 दुपहिया वाहन चालकों को पहनाए हेलमेट
हनुमानगढ़। सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ में सराहनीय पहल की गई। रोटरी क्लब विजन के सहयोग से यातायात पुलिस की ओर से शुक्रवार को टाउन स्थित यातायात शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50 दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। इनमें मुख्य रूप से ऐसे वाहन चालकों को प्राथमिकता दी गई, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दैनिक मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले कई लोग दुपहिया वाहनों से रोजाना आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटना होने पर हेलमेट का अभाव उनके लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने रोटरी क्लब विजन के सहयोग से हेलमेट वितरण की पहल की। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद वाहन चालकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें हेलमेट पहनने की आदत के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, पुलिस उप अधीक्षक मीनाक्षी तथा यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनाए। अधिकारियों ने सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने जरूरतमंद नागरिकों को हेलमेट उपलब्ध करवाकर उनकी सुरक्षा में योगदान देने के लिए रोटरी क्लब विजन का आभार जताया। उन्होंने इस प्रकार की सामाजिक पहल को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में मदद मिलती है। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में अच्छी गुणवत्ता वाला और सही तरीके से बांधा गया हेलमेट सिर की चोट के जोखिम को कम करने में मदद करता है। इसलिए वाहन चालकों को केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी हेलमेट पहनना चाहिए।
