हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के खुंजा इलाके में रविवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से मनरेगा संग्राम अभियान के तहत जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाना मतलब मजदूर की आवाज को बचाना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस देश में जिस भी सरकार ने मजदूरों का नुकसान किया है या उनका अपमान किया है, वह सरकार ज्यादा दिन सत्ता में नहीं रही है। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र सरकार जिस तरह से मजदूरों और गरीबों के साथ व्यवहार कर रही है, वह बेहद चिंताजनक है। मनीष मक्कासर ने कहा कि मनरेगा एक ऐसा ऐतिहासिक कानून था, जिसने गरीबों को काम का अधिकार दिया। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों परिवारों को रोजगार मिला और पलायन पर रोक लगी। लेकिन वर्तमान सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना को कमजोर कर दिया है। बजट में कटौती, नियमों में बदलाव और नाम बदलने जैसे कदमों से योजना की मूल भावना पर चोट की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मनरेगा को धीरे-धीरे खत्म करना चाहती है। ग्राम पंचायतों की शक्तियां छीनी जा रही हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की प्रक्रिया बाधित हो रही है। इससे गांवों के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य मुद्दा यही है कि मनरेगा योजना को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए और वीबी जीरामजी जैसी व्यवस्था को समाप्त किया जाए। इस मौके पर युवा नेता अली हसन जोइया, गुरदीप चहल, अनिल खीचड़, सुरेश मारवाल, मनमोहन सोनी, गुरलाल मान, विजय टाक, अनूप चौधरी, विजय गोंद, अभिषेक रॉयल, रणवीर, आमिर खान, शाहरुख, खुशी अमलानी, कृष्ण, विनोद सुथार, जयराम ढुकिया, रामेश्वर चांवरिया, सद्दाम हुसैन, रोहित स्वामी, यश चिलाना, गुरप्रीत मान मौजूद रहे।
