- स्वीप अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बैठकें, रंगोली और नारों के जरिए मतदान के प्रति किया जागरूक
हनुमानगढ़। पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शुक्रवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वीप अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं को ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का संदेश देते हुए आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, महिलाओं, किशोरियों, बच्चों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने मतदान करने की शपथ ली। मतदान के महत्व को रेखांकित करने के लिए रंगोली बनाई गई और प्रतिभागियों ने जागरूकता संबंधी नारे लगाकर ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारियों और महिला पर्यवेक्षकों ने कहा कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र की मजबूती और देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भय, प्रलोभन या संकोच के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से आगे आकर अपनी वोट की ताकत पहचानने और चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
