भादरा। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भादरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अधिकारी मय टीम ने कार्रवाई करते हुए कार सवार तीन आरोपियों को 23.65 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई। मामले में प्रकरण संख्या 56/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जांच राजेन्द्र कुमार, प्रोबेशनल आईपीएस एवं थाना अधिकारी पुलिस थाना मिरजानी द्वारा की जा रही है। कार्रवाई का नेतृत्व थाना अधिकारी हनुमानाराम विश्नोई ने किया। उनके साथ पुलिस टीम में देवीलाल (कानि.), सशीला महिला कांस्टेबल (कानि.), दयाचंद (कानि.), सोनू (कानि.) तथा अशोक (कानि.) शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विशेष भूमिका में मदनलाल (कानि.) पुलिस थाना भादरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 4, सैनी मोहल्ला, भादरा, सचिन (उम्र 22 वर्ष), निवासी मूल रूप से नवगछिया थाना लदनिया जिला मधुबनी (बिहार), हाल निवासी वार्ड नंबर 4 सैनी मोहल्ला भादरा तथा सुमन (उम्र 43 वर्ष), पत्नी सीताराम महाजन, निवासी वार्ड नंबर 4 सैनी मोहल्ला भादरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी कार में सवार होकर नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया, जहां तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 23.65 ग्राम अवैध हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत तीनों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं। थाना अधिकारी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त किया जा सके। भादरा थाना पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
