हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संगठन स्पन्दन के अंतर्गत गठित ‘दृष्टिकोण क्लब’ एवं जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग के तत्वावधान में छात्र-छात्राओं के लिए मीडिया कार्यप्रणाली पर आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं को मीडिया, पत्रकारिता और प्रसारण प्रणाली की बारीकियों से परिचित कराना था, ताकि वे आधुनिक मीडिया जगत की कार्यशैली को व्यावहारिक रूप से समझ सकें। कार्यक्रम में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है तथा युवाओं की सकारात्मक सोच समाज में परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, संचार कौशल और रचनात्मक क्षमता को मजबूत करते हैं। विभागाध्यक्ष सोनिका चौधरी ने छात्र-छात्राओं को वीडियो एवं फोटोग्राफी की तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाचार एवं कार्यक्रम प्रस्तुति में कैमरा एंगल, लाइटिंग, फ्रेमिंग और विजुअल प्रस्तुति अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान छात्र-छात्राओं को विभाग के स्टूडियो का भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्हें ब्रॉडकास्टिंग प्रक्रिया, कैमरा संचालन, एंकरिंग तथा इंटरव्यू तकनीकों का लाइव प्रदर्शन करके समझाया गया। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी मनीष कौशिक ने समाचार लेखन, न्यूज कवरेज तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में समाचार प्रेषण की प्रक्रिया पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावी समाचार के लिए तथ्यों की सत्यता, सरल भाषा और स्पष्ट प्रस्तुति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, ऐसे में छात्र-छात्राओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ जिम्मेदार और संवेदनशील पत्रकारिता की समझ विकसित करनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को समाचार निर्माण की व्यावहारिक प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया।
