हनुमानगढ़। भजन लाल शर्मा के 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ दौरे की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनिल ने जानकारी देते हुए बताया कि वीवीआईपी विजिट को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इसके तहत श्रीगंगानगर, सादुलशहर और अबोहर की ओर से आने वाले वाहन धानमंडी हनुमानगढ़ जंक्शन के गेट नंबर 8, 9 और 10 से प्रवेश करेंगे। वहीं सूरतगढ़, पीलीबंगा, चूरू, बीकानेर, नोहर, भादरा, पल्लू, रावतसर और संगरिया-टिब्बी क्षेत्र से आने वाले वाहन धानमंडी जंक्शन के गेट नंबर 01, 02, 09 और 10 से प्रवेश करेंगे। यातायात व्यवस्था के तहत करणी चौक से लाल चौक तक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सिविल लाइन चौक से सर्किट हाउस टी-पॉइंट तक भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। तिलक सर्किल से जिला परिषद रोड पर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। हालांकि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
