हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हनुमानगढ़ दौरे को देखते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बिजली विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय, हनुमानगढ़ द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। जारी आदेश के अनुसार जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ के निर्देशों के तहत मुख्यमंत्री के 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित दौरे और जनसभा कार्यक्रम के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्तिबनाए रखने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान किया जा सके। कार्यालय आदेश के अनुसार अधिशासी अभियंता ए.के. गदवाल को सभा स्थल धान मंडी में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सहायक अभियंता कुलदीप कुमार और विकास सांखला को भी महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा सहायक अभियंता प्रवीण सिंह राठौड़, अनिल सैनी, एच.सी. ढीलिया और अमित सिंह सहित कई अधिकारियों को विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों और कार्यक्रम स्थलों पर निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में बताया गया है कि 132 केवी जीएसएस सतीपुरा, 33/11 केवी सब स्टेशन गांधी नगर, शिव मंदिर तथा धान मंडी सहित कई प्रमुख बिजली स्टेशनों पर अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही लाइनमैन और तकनीकी स्टाफ को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा उत्पन्न होने पर तुरंत मरम्मत और आपूर्ति बहाल की जा सके। कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए विभागीय वाहनों की भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंताओं के लिए अलग-अलग सरकारी वाहनों को ड्यूटी में लगाया गया है, ताकि वे विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सकें और समन्वय बनाए रख सकें। विभाग द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने आवंटित स्थानों पर उपस्थित रहेंगे तथा कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखेंगे। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी, लाइन फॉल्ट या बिजली आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे शीघ्र ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनसभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभाग का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या सामने न आए और सभी स्थानों पर सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति जारी रहे।

