भादरा। भादरा क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भादरा विधायक श्री संजीव बेनीवाल ने गुरुवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुन्सरी के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। साथ ही उपस्वास्थ्य केन्द्र करणपुरा के नवनिर्मित भवन का भी शुभारंभ किया। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव बेनीवाल ने करणपुरा उपस्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास करते हुए संस्थान की चारदीवारी और प्रांगण में इंटरलॉक सड़क निर्माण को विधायक निधि से करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार ग्रामीणों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाएगा। विकास सौगातों के क्रम में विधायक ने करणपुरा अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी निर्माण, मुन्सरी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में दो नए कक्ष निर्माण कार्य को विधायक निधि से करवाने की घोषणा की। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी भादरा डॉ. लक्ष्य चौधरी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुन्सरी का भवन 2 करोड़ 25 लाख रुपए की प्रस्तावित राशि से तैयार किया गया है। उपस्वास्थ्य केन्द्र करणपुरा का निर्माण 55 लाख रुपए की प्रस्तावित राशि से पूर्ण हुआ है। गौरतलब है कि विधायक बेनीवाल 24 जनवरी, 2026 को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र डूंगराना के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण तथा उपस्वास्थ्य केन्द्र श्योराटाडा के भवन का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हनुमानगढ़ डॉ. नवनीत शर्मा, खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्य चौधरी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी मुन्सरी डॉ. मोनिका वर्मा, स्वास्थ्य विभाग भादरा के नोडल अधिकारी नवीन झाझड़िया, एईएन विद्युत विभाग गोगामेड़ी आशुतोष पांडे, पूर्व जिला प्रमुख रोशनलाल, सरपंच करणपुरा हरिराम, दयानंद बेरवाल, भागीरथ ढाका (चेयरमैन केवीके सोसायटी), दलवीर बिजारणिया, नंदलाल सैनी, ओम विश्नोई, राममुर्ती हुड्डा, हामिद चायल, रजाक चायल, मनोहर सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, चिकित्सा स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
