हनुमानगढ़। पल्लू थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पल्लू थाना पुलिस द्वारा थानाधिकारी सुरेश मील के नेतृत्व में थाने के सामने मेगा हाईवे पर नियमित नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 34 किलो 980 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंद्र सिंह (35) और गुरअमनप्रीत सिंह (19) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी फाजिल्का जिला के हस्ताकलां गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी डोडा-पोस्त की खेप को पंजाब की ओर ले जा रहे थे। पुलिस को संदेह है कि दोनों किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। इस दिशा में गहन जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच खुईया थानाधिकारी राधेश्याम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क और सप्लाई चैन की कड़ियों को खंगाल रही है।
