- स्वीप गतिविधियों के तहत जिलेभर में आयोजन, शत-प्रतिशत मतदान के लिए किया प्रेरित
हनुमानगढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सोमवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत गांवों के प्रमुख चौराहों पर रंगोलियां बनाकर महिला मतदाताओं और आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, महिलाओं, किशोरियों, बच्चों और ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षकों ने मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए प्रत्येक मतदाता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट लोकतंत्र की मजबूती और देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। मतदाताओं को बिना किसी भय, प्रलोभन या संकोच के मतदान करने तथा महिलाओं को चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री प्रवेश सोलंकी ने बताया कि जिलेभर में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आगामी चुनावों में अधिकाधिक मतदान के लिए मतदाताओं को प्रेरित करना है।
