
हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच की ओर से मूल ओबीसी जागृति मिशन के तहत भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक एवं नारी शक्ति करण की अग्रदूत माता सावित्री बाई फुले की जयंती के मौके पर तीन जनवरी, शनिवार को रक्तदान शिविर एवं मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सुबह दस बजे शुरू होने वाला कार्यक्रम जंक्शन में कचहरी रोड स्थित अग्रसेन भवन में होगा। शिविर में राजकीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम राजेन्द्र स्वामी के नेतृत्व में रक्त संग्रहण करेगी। कार्यक्रम में रक्तदान शिविर के अलावा सामाजिक क्षेत्र में पहचान बनाने वाली नारी शक्ति को शामिल किया जाएगा। इनमें जनप्रतिनिधि, पंच, सरपंच, वार्ड पार्षद, सरकारी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी शामिल रहेंगी। इसके अलावा यूपीएससी, नीट, आईआईटी, सरकारी विभाग में चयनित बेटियों, सत्र 2024-25 से जनवरी 2026 तक राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता में चयनित महिला खिलाड़ियों का भी सम्मान मंच की ओर से किया जाएगा। समारोह में अतिथियों के रूप में टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार, सरदारशहर एसडीएम रामकुमार टाक, हनुमानगढ़ डीएसओ सुनील घोड़ेला, एएसआई सोहनलाल सांखला, एएसआई प्रेम कुमार भाट, बीडीओ राजीव यादव, बाल कल्याण समिति सदस्य सुमन सैनी, प्रधानाचार्य संतोष बंगा व अध्यापिका हेमलता सैन शिरकत करेंगे। आयोजन के निमंत्रण पत्र का विमोचन शुक्रवार को मंच अध्यक्ष रामप्रताप की ओर से किया गया। साथ ही मंच सदस्यों की जिम्मेवारी तय की गई। अध्यक्ष रामप्रताप ने बताया कि तहसील स्तरीय कार्यक्रम के लिए वार्ड-वार्ड जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। यह आयोजन विशेष रूप से मातृ शक्ति को समर्पित रहेगा। इस तरह का यह पहला आयोजन है। सामाजिक समरसता का भाव, समाज के वंचित वर्ग को ऊपर लाकर शिक्षा का स्तर मजबूत करने के प्रयास के मकसद से यह आयोजन करवाया जा रहा है। इस मौके पर राजेश छिम्पा, कृष्णलाल गहलोत, दुर्गादत्त सैनी, विजय कुमार, सिकन्दर सिंह, बलदेव सिंह, राधेश्याम टाक, बंतासिंह, राजेश सैन, सोहनलाल वर्मा, नरेन्द्र राव, सेवक सिंह आदि मौजूद रहे।
